जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थानी जयपुर मे सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एजी कार्यालय जयपुर के सहायक पर्यवेक्षक को 1 लाख रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए महालेखाकार कार्यालय में कार्यरत सहायक पर्यवेक्षक उमेश सिन्हा को पकड़ा है।जानकारी के अनुसार परिवादी ने एजी कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ डीएजी और सहायक पर्यवेक्षक के खिलाफ लाखों रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई थी। परिवादी का बकाया जारी करने और उसकी सेवा को नियमित कर पदोन्नति का लाभ देने की एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। सहायक पर्यवेक्षक ने सीनियर डीएजी की ओर से रिश्वत राशि की मांग की। जिस पर कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए सहायक पर्यवेक्षक उमेश सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही इस पूरे प्रकरण में सीनियर डीएजी की भूमिका को लेकर जांच की जा रही है। वहीं आरोपी सहायक पर्यवेक्षक उमेश सिन्हा को गिरफ्तार करने के बाद उसके आवास और कार्यालय की तलाशी की जा रही है।