पाली-मनोज शर्मा।
जिला कलक्टर नमित मेहता ने रेलवे से 15 अप्रैल के बाद पानी परिवहन कर पाली में पानी खाली करने के संबंध में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला कलक्टर जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ पाली में जोधपुर से रेल परिवहन कर पानी लाकर खाली करने के लिए बनाई गई डिग्गीयों को देखा। उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों से रेलवे के वैगन खाली करने के लिए व्यवस्था का बारिकी से निरीक्षण कर अधिकारियों को रेवले ट्रेक पर साफ सफाई व डिग्गीयों की सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल के बाद रेल द्वारा पानी परिवहन कर जोधपुर से पाली लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि चार फेरों में लगभग 8 से 10 एमएलडी पानी पाली लाकर होदियों के जरिए डिग्गीयों में भरा जाकर सप्लाई किया जाएगा। इसके लिए जोधपुर रोड पर स्थित पानी की टंकी परिसर क्षेत्र में बनी डिग्गीयों में पानी लाकर सप्लाई होगा। पानी की डिग्गीयों की मरम्मत एवं साफ सफाई कार्य का जायजा लेकर जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में आमजन को कम से कम दिक्कत हो इसके लिए पानी की उपलब्धता व सप्लाई के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि कंटजेंसी एवं डीएफटी योजना के तहत जल योजनाओं के कार्य स्वीकृत किए गए है जिनमें हैण्डपम्प ट्यूबवेल एवं पारम्परिक जल स्त्रोतों से पानी की सप्लाई देने के कार्य स्वीकृत किए जिनमें से कई कार्य पूर्ण हो चुके है शेष कार्य भी 15 अप्रैल तक पूर्ण हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि पाली शहर की कच्ची बस्तियों एवं आवश्यकता वाले मौहल्लों में सिनटेक्स की टंकिया जिनमें टूटिया लगी है रखवाई जा रही है। इसके लिए जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए है।उन्होंने आमजन से अपील की है कि जिले में पानी की उपलब्धता की कमी को देखते हुए मितव्ययता से पानी का उपयोग करे व्यर्थ में पानी बर्बाद नहीं करे ओर कही भी पानी व्यर्थ बहता दिखे तो उसकी सूचना संबंधित जलदाय विभाग के अभियंता व कंट्रोल रूम में दे। इस मौके पर जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता मनीष माथुर, अधिशाषी अभियंता कानसिंह राणावत, सहायक अभियंता श्रीमती शोभा चौहान मौजूद रहे।