जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री महेश जोशी ने विधानसभा में कहा कि ल्हासी सिंचाई परियोजना से बांरा जिले के छबड़ा में शुद्व पेयजल उपलब्ध नहीं कराने के संबंध में विभाग ने पुलिस को जल की गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस सम्बन्ध में पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये जायेंगे। जोशी ने प्रश्नकाल में विधायकों द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए बताया कि पेयजल की गुणवत्ता के लिए तीन तरह के मानक है। पहला विश्व स्वास्थ्य संगठन, दूसरा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैण्डर्स तथा तीसरा केन्द्रीय जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी है। उन्होंने बताया कि संंबंधित क्षेत्र में तीनों ही मानकों पर रिपोर्ट ठीक पाई गई। उन्होंने बताया कि अगर डी क्लोरीनेशन नहीं होता तो पेयजल की गुणवत्ता को नियंत्रित कर पाते।उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा पेयजल की गुणवत्ता में अनुसंधान के लिए आईपीसी की धारा 269 तथा 270 के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विभाग ने पानी की गुणवत्ता की रिपोर्ट पुलिस को मुहैया करा दी है तथा इस सम्बन्ध में शीघ्र कार्रवाई के लिए पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा जायेगा।इससे पहले जोशी ने विधायक प्रताप सिंह के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में बताया कि बारां जिले की ल्हासी सिंचाई परियोजना अंतर्गत निर्मित बांध आधारित ल्हासी पेयजल परियोजना 31 अगस्त 2016 को पूर्ण की जाकर, छबड़ा एवं छीपाबड़ौद कस्बों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की जा रही हैै। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं कराने पर पुलिस थाना छबड़ा में मुकदमा तथा संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज करवायी है। उन्होंने बताया कि कैलाश चन्द जैन, निवासी चौधरी मौहल्ला, वार्ड न0 17, छबड़ा द्वारा ल्हासी पेयजल परियोजना से कस्बा छबड़ा व कस्बा छीपाबड़ौद में अनुबंधक फर्म डारा कंस्ट्रक्शन एवं वितरण कम्पनी, राईकाबाग जोधपुर द्वारा निर्धारित मानक गुणवत्ता अनुरूप पेयजल आपूर्ति नहीं करने तथा लापरवाही करने बाबत पुलिस थाना छबड़ा में दिनांक 30.06.2021 को प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।थानाधिकारी पुलिस थाना छबड़ा से प्राप्त सूचना के अनुसार उक्त प्रकरण वर्तमान में अनुसंधान में है। जोशी ने बताया कि 28 जून 2021 को स्थानीय जन-प्रतिनिधियों द्वारा विभाग को छबड़ा कस्बे में स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त पेयजल उपलब्ध करवाने हेतु प्रस्तुत ज्ञापन के अनुसरण में, इस पेयजल परियोजना अंतर्गत निर्मित खजूरिया स्थित जलशोधन संयंत्र एवं कस्बा छबड़ा स्थित स्वच्छ जलाशय तथा इसके अतिरिक्त परियोजना से पेयजल आपूर्ति के समय कैलाश चन्द जैन, निवासी चौधरी मौहल्ला, वार्ड न0 17, छबड़ा सहित कस्बे की अन्य कॉलोनियों एवं क्षेत्रों के 10 रहवासियों के घर स्थित नलों से विभाग द्वारा 1 जुलाई 2021 को जल प्रतिदिर्श लिये जाकर, इनकी विभागीय प्रयोगशाला में जांच कराई गई । उन्होंने बताया कि इन प्रतिदर्शों की जांच में पानी की गुणवत्ता तथा अवशेष क्लोरीन की मात्रा पेयजल हेतु निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई ।उन्होंने रासायनिक जांच रिपोर्ट 2 जुलाई 2021 की प्रतियां सदन के पटल पर रखी। उन्होंने बताया कि पेयजल परियोजना अंतर्गत हैडवर्कस खजूरिया में निर्मित जलशोधन संयंत्र में विभागीय मापदण्ड के अनुरूप एलम डोजिंग, प्री एवं पोस्ट क्लोरिनेशन किया जाकर, कुल जल मांग 6.10 मिलियनलीटर प्रतिदिन के अनुरूप कस्बा छबड़ा एवं छीपाबड़ौद में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति वर्तमान में की जा रही है ।