उदयपुर-भगवान प्रजापत।
उदयपुर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के उंडावेला में शुक्रवार को जली हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गयी। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया।पुलिस को शव के पास एक जली हुई मोटरसाइकिल भी मिली है। जले हुए शव के मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आंशका व्यक्त की है। जानकारी के अनुसार गोवर्धनविलास थाना पुलिस को सूचना मिली कि उंडावेला में एक जली हुई लाश पड़ी हुई है। सूचना के बाद गोवर्धनविलास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उंडावेला में जले शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को एम्बुलेंस के माध्यम से एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार शव जला होने से पहचान नही हो पाई है।इसलिए शव को र्मार्चरी में रखवाया है और पहचान होने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस को शव के पास जली हुई मोटरसाईकिल मिलने से यह आंशका जताई जा रही है कि किसी ने हत्या करने के बाद शव की पहचान नही हो इसके लिए उसको जला दिया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।