चित्तौड़गढ़-गोपाल चतुर्वेदी।
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की प्रधान के बिगड़े बोल सामने आए हैं। पंचायत समिति की बैठक में मीडिया को नहीं बुलाने को लेकर अजीब तर्क देती दिखाई दी है प्रधान देवेंद्र कंवर। प्रधान ने कहा कि मीडिया पैदा करता है सरकार में बवाल, इसलिए नहीं बुलाते बैठक में। 

साधारण सभा की बैठक को लेकर मीडिया को नहीं दी गई सूचना। 
जब प्रधान से पूछा गया सवाल, तो उन्होंने कहा मीडिया के आने से लोगों को पता चल जाता है। फिर लोग काम काम करवाने की मांग करते है। प्रधान ने कहा हमारी सरकार आएगी तब बुलाएंगे मीडिया को। ऐसे में बड़ा सवाल, आखिर बंद कमरे में होने वाली बैठक में प्रधान कौन सा निर्णय लेती है।

यह है पूरा मामला।
दरअसल मंगलवार को चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की साधारण सभा की बैठक मीडिया को सूचना दिए बिना पंचायत समिति के सभागार में आयोजित हुई थी। जिसमें चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के समस्त जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपने अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं को उठाया था। जिसमें प्रमुख रुप से जनहित से जुड़े बिजली,पानी,सड़क संबंधी मुद्दे निकल कर सामने आए थे, बैठक के पश्चात जब मीडिया कर्मियों ने चित्तौड़गढ़ प्रधान देवेंद्र कंवर से बैठक में उठाए गए मुद्दों के अलावा मीडिया कर्मियों को बैठक से दूर रखने के बारे में प्रश्न किया तो प्रधान देवेंद्र कंवर ने मीडिया की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मीडिया को साधारण सभा की बैठक में बुलाने से पंचायत समिति के प्रति आमजन और सरकार में गलत मैसेज आता है और मीडिया जब बैठक में उठे मुद्दों को चलाती है तो सब की जानकारी आमजन को हो जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार क्या काम कर रही है यह सभी को पता है। जब हमारी सरकार सत्ता में आएगी तब मीडिया को बैठक में आमंत्रित किया जाएगा।