जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन में मेंटेनर कैडर पदोन्नति नियम बनवाने की मांग को लेकर एक बार फिर जयपुर मेट्रो के कर्मचारी सड़कों पर उतरे और रेल-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। हाथों में रेल प्रशासन के खिलाफ नारे लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों ने मानसरोवर मेट्रो के प्रशासनिक खंड में आक्रोश रैली निकाली। 
संयुक्त कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विकास क्षत्रिय के नेतृत्व में अपनी मांगों को लेकर आंदोलित कर्मचारियों ने 18 फरवरी को भी विरोध प्रदर्शन किया था। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के बावजूद भी मेट्रो प्रशासन ने अब तक कर्मचारियों से कोई बात तक नहीं की है। इससे साफ जाहिर होता है की मेट्रो प्रशासन को न तो मेट्रो की छवि की कोई फिक्र है और ना ही मेहनतकस कर्मचारियों की। 
जयपुर मेट्रो के मेंटेनर कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर ज्ञापन सौपा। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक पदोन्नति पॉलिसी नहीं बनती तब तक कर्मचारी आंदोलन की राह पर रहेंगे और आने वाले दिनों में आंदोलन और भी उग्र रूप में सामने आता रहेगा।