जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजधानी जयपुर के एलिवेटेड रोड पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे का शिकार हुए दोनों युवक पुरानी बस्ती नाहरगढ़ रोड के रहने वाले थे। जिनमें से एक दोस्त की अप्रैल माह में शादी होने वाली थी। पुलिस के मुताबिक हादसा देर रात 12 बजे बाद मोहित शर्मा और कपिल खटाना स्कूटी पर सवार होकर सोडाला की तरफ जा रहे थे। तभी एलिवेटेड रोड पर एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी दी। दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए SMS अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे का शिकार हुआ कपिल खटाना पुरानी बस्ती में घर के पास ही डेयरी का संचालन किया करता था और 28 अप्रैल को जयपुर में ही उसकी शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थी और जैसे ही कपिल के मौत की खबर उसके घर पहुंची तो घर में चीख-पुकार मच गई। वहीं हादसे का शिकार हुआ मोहित शर्मा एक कोचिंग में बच्चों को पढ़ाने का काम किया करता था। मोहित ने सोडाला में एक फ्लैट ले रखा था और देर रात को कपिल अपनी स्कूटी से मोहित को उसके फ्लैट पर ही छोड़ने के लिए पुरानी बस्ती से निकला था तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।