जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजधानी जयपुर में बुधवार शाम को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की कार का एक्सीडेंट हो गया। हालांकि इस हादसे में कोई जनहानी नहीं हुई है।जानकारी के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अपनी लग्जरी कार में सवार होकर विद्याधर नगर से सिविल लाइंस की ओर आ रही थीं। इसी दौरान बियानी गर्ल्स कॉलेज कट पर एक कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। जिस कार ने राजे की कार को टक्कर मारी, उसे एक युवती चला रही थी। कार चला रही युवती ने जब यह देखा कि टी-पॉइंट से एक कार निकलकर सड़क की ओर आ रही है तो उसने पहले अपनी कार को निकालने की जल्दबाजी करते हुए कार की स्पीड बढ़ा दी।
जिसके चलते वह कार पर से अपना नियंत्रण खो बैठी और सीधे जाकर राजे की कार को टक्कर दे मारी। राजे कार में फ्रंट सीट पर बैठी हुई थीं और उसी ओर युवती ने कार को टक्कर मारी। हालांकि युवती ने कार से नीचे उतर कर राजे से माफी मांगी। जिस पर राजे ने युवती को माफ करते हुए सावधानी पूर्वक गाड़ी चलाने की हिदायत दी और फिर वहां से सिविल लाइंस के लिए रवाना हो गई। इसके बाद पुलिस ने भी युवती को सावधानीपूर्वक गाड़ी चलाने की हिदायत देकर वहां से जाने दिया।

0 टिप्पणियाँ