जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पवन कुमार गोयल की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग से संबंधित बजट घोषणाओं व योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वन एवं संचालन, सीएमआईएस अद्यतन की स्थिति, बजट के उपयोग, नए सत्र हेतु तैयारीयों, विभिन्न भर्तियों सहित अनेक महत्वपूर्ण प्रकरणों पर विचार विमर्श किया गया। गोयल ने बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा सीएमआईएस पर विभाग से जुड़ी विभिन्न जानकारियों के अद्यतन का जायजा लिया। गोयल ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभाग से सम्बंधित योजनाओं के प्रभावी संचालन हेतु विभाग के विभिन्न घटक बेहतर सामंजस्य के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक बजट घोषणा के क्रियान्वन हेतु एक नोडल अधिकारी नियुक्त हो तथा योजनाओं को चरणबद्ध व प्रभावी तरीके से क्रियान्वित किया जाए। योजनाओं के माइलस्टोन तय करके उन्हे समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के विस्तार करने, क्षतिग्रस्त विद्यालयों की तत्काल मरम्मत करवाने, नए संकाय खोलने, विभिन्न पुरस्कारों एवं छात्रवृत्तियों को समय से ज़ारी करने के आदेश दिए। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने नए सत्र में विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ाने, ड्रॉप आउट दर कम करने व प्रवेशोत्सवों को उत्साहपूर्वक मनाने हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में गोयल ने अधिकारियों को कोरोनाकाल में स्कूल बंद होने के कारण हुए लर्निंग लॉस को कम करने हेतु प्रस्तावित ब्रिज कोर्स की रूपरेखा तथा अवधि तय कर इसे शीघ्र आयोजित करने हेतु दिशा निर्देश दिए।  गोयल ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वन हेतु समीक्षा बैठकें लगातार आयोजित की जायेंगी। बैठक में शिक्षा विभाग, संस्कृत शिक्षा विभाग, साक्षरता एवं सतत शिक्षा विभाग व भाषा एवं पुस्तकालय विभाग के सभी आला अधिकारी उपस्थित रहे।