जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपे।मुख्यमंत्री ने ढाई घण्टे से भी अधिक समय तक जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके त्वरित समाधान के लिए निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न संस्थाओं और कर्मचारी संगठनों ने पूर्व पेंशन योजना लागू करने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। 
उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक फैसला है, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारजनों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी।समस्त मुस्लिम कर्मचारी संघ ने भी पूर्व पेंशन योजना लागू करने के लिए मुख्यमंत्री का साफा एवं माला पहनाकर अभिनन्दन किया। लोगों ने बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में की गई जनकल्याणकारी घोषणाओं के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। केश कला बोर्ड के गठन के लिए सेन समाज के लोगों ने भी मुख्यमंत्री का अभिनन्दन किया। जनसुनवाई के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासन, पुलिस तथा विभागीय अधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।