जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान विधानसभा मे बुधवार को सदन की कार्यवाही की शुरुआत हंगामे के साथ हुई। सुबह 11 बजे से शुरू हुए प्रश्नकाल सत्र के दूसरे ही प्रश्न पर माकपा विधायक बलवान पूनिया ने सदन में जमकर हंगामा किया। माकपा विधायक पूनिया ने किसानों को मिलने वाले बीमा क्लेम से जुड़ा प्रश्न पूछा था जिसके जवाब में कृषि मंत्री ने जवाब दिया। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट नज़र आये विधायक पूनिया ने इसके बाद ज़ोर-ज़ोर से बोलना शुरू कर दिया।माकपा विधायक बलराम पूनिया के हंगामे को शांत करने में एक बार फिर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी की सख्ती भारी पड़ी। डॉ.जोशी ने तल्ख़ तेवर दिखाते हुए विधायक को कठोर कार्रवाई झेलने को लेकर चेताया जिसके बाद विधायक बलराम पूनिया के शांत हुए। माकपा विधायक बलवान पूनिया ने भादरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों को बीमा क्लेम के भुगतान के सम्बन्ध में सवाल पूछा था। पूनिया ने कहा कि किसानों का 164 करोड़ रुपए बकाया है। कृपया सरकार इस बकाया राशि को डलवाने की कृपा करें। जवाब में कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने जवाब देते हुए कहा कि बीमा कंपनी ने विसंगतियां बताते हुए भुगतान को रोका है। कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने सदन को अवगत कराते हुए कहा कि भारत सरकार और राज्य सरकार ने अपना हिस्सा जमा करवा दिया है। हम लगातार प्रयास कर रहे हैं कि यह भुगतान किया जाए। नवंबर माह में हुई बैठक में केंद्र सरकार ने बीमा कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि वह भुगतान करे। इस जवाब से नाराज़ होकर से माकपा विधायक पूनिया ने शोर शराबा किया।
मापदंड पूरा होने पर ही स्वास्थ्य केंद्र होंगे क्रमोन्नत-चिकित्सा मंत्री।
नोखा के भाजपा विधायक बिहारीलाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्र को क्रमोन्नत करने का मामला उठाया। जवाब में चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी तरह के मापदंडों को ध्यान में रखते हुए कार्य होगा। नोखा में दो लाख की जनसंख्या है ऐसे में सीएचसी, पीएचसी ही मिल पाएंगे। अगर स्वास्थ्य केंद्रों को क्रमोन्नत करने के मापदंड पूरा होते हैं, तो सरकार नोखा के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी विचार करेगी।
पात्रताधारियों की सूची दें, कार्यवाही करेंगे-मंत्री खाचरियावास।
सवाईमाधोपुर ज़िले के बामनवास से कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा ने अपने विधानसभा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा योजना के पात्रताधारियों से जुड़ा प्रश्न पूछा। जवाब मे खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि पिछले 3 वर्ष में बामनवास के अंदर पात्रता रखने वाले किसी भी सदस्य का नाम सूची से नहीं हटाया गया है। इस पर पूरक प्रश्न करते हुए इंदिरा मीणा ने कहा कि कई लोग ऐसे हैं जो पात्रता रखते हैं लेकिन फिर भी उन्हें सूची में शामिल नहीं किया गया है। क्या उनको जोड़ा जाएगा? इस पर मंत्री प्रताप सिंह ने कहा कि अगर ऐसी कोई सूची है तो हमें दे दें, मौके पर अधिकारियों को भेजकर उस पर अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।
महिला बाल विकास मंत्री ममता भूपेश का जवाब सही नहीं-विधायक ज्ञानचंद पारख।
भाजपा विधायक ज्ञानचंद पारख ने पाली जिले में स्वयं सहायता समूह के बकाया राशि के भुगतान से जुड़ा सवाल किया। जवाब में मंत्री ममता भूपेश ने जो जवाब दिया उस पर पारख ने आपत्ति जताई। विधायक ने कहा कि मंत्री ने गोलमोल जवाब दिया है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर सीपी जोशी ने सवाल स्थगित कर दिया। इस पर भाजपा विधायक ने इस प्रश्न पर आधे घंटे की चर्चा रखने का आग्रह किया।
सवाल नवीनीकरण का, मरम्मत का नहीं- मंत्री भजनलाल जाटव।
आबू पिंडवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक समाराम गरासिया ने विकास पद को लेकर सवाल किया। जवाब में सार्वजनिक निर्माण मंत्री भजन लाल जाटव ने कहा कि गौरव पथ की जगह विकास पथ शुरू नहीं किये गए। बल्कि ये अलग से योजना है। पूरक सवाल में विधायक गरासिया ने कहा कि विकास पथ का काम कब तक शुरू करेंगे, जिस पर सार्वजनिक निर्माण मंत्री मदन लाल जाट ने कहा कि जिस सड़क की आप बात कर रहे हो वह नवीनीकरण से जुड़ी है मरम्मत से नहीं।
हटा रहे हैं अपात्र लोगों के नाम-मंत्री खाचरियावास।
भाजपा विधायक कालीचरण सराफ ने खाद्य सुरक्षा योजना में पात्र लोगों को शामिल करने और अपात्र को हटाने के साथ ही उनसे वसूली करने का प्रश्न उठाया। जवाब में खाद्य आपूर्ति मंत्री मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि अपात्र लोगों को हटाने के लिए निर्देश दिए हैं। साथ ही खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने को लेकर केंद्र को कई पत्र लिखे गए हैं।

0 टिप्पणियाँ