जयपुर धर्म डेस्क ।
गौरांग महाप्रभु जयंती के तहत रविवार को गोविंद देवजी मंदिर में धूमधाम से उत्सव मनाया गया। सुबह गौरांग महाप्रभु का अभिषेक कर संकीर्तन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संगीतमय नाम संकीर्तन किया। गोविंद देव जी मंदिर के प्रबंधक मानस गोस्वामी ने बताया कि शाम को गोविंद देवजी मंदिर से नगर संकीर्तन के रूप में शोभायात्रा निकाली गई। गोविंद देव जी के मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी ने आरती उतार कर शोभायात्रा को रवाना किया। 
गाजेबाजे और लवाजमे के साथ निकली शोभायात्रा सिरह ड्योढ़ी बाजार, हवामहल बाजार, बड़ी चौपड़ होते हुए आगे बढ़ी। शोभायात्रा में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ वैष्णव श्रद्धालु गौरांग महाप्रभु का संकीर्तन करते हुए चल रहे थे। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। 
भक्तिमय माहौल में शोभायात्रा चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदर मंदिर पहुंची। यहां विभिन्न मंदिरों के संतों-महंतों के सान्निध्य में  गौरांग महाप्रभु की आरती उतारी गई।