श्रीगंगानगर-राकेश मितवा।
स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत जिले के सभी संविदा कर्मी बुधवार को सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। जिससे स्वास्थ्य सेवाएं लड़खड़ा गई हैं। स्थाईकरण की मांग को लेकर ये कर्मचारी जयपुर में धरना देने पहुंचे हैं। जिले में भी सभी एनएचएम, एनयूएचएम एवं वर्टिकल कार्यक्रम के जिला एवं ब्लॉक स्तर के कार्मिक सामूहिक अवकाश पर हैं। गौरतलब है कि गहलोत सरकार ने पूर्व में सभी संविदा कर्मियों को स्थाई करने का वादा किया था। लेकिन सरकार ने अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। कमेटी गठित की गई लेकिन आज तक कमेटी भी स्थाईकरण का निर्णय नहीं ले पाई है। इसी तरह संविदा कर्मियों का शोषण लगातार जारी है।बजट मानदेय नहीं बढ़ाया गया और न ही कोई अन्य लाभ दिया जा रहा है। इसी तरह सरकार नए नियम लागु कर और अधिक शोषण करने की तैयारी में है। बहरहाल, संविदा कर्मी केवल स्थाई करने की मांग कर रहे हैं और आज सामूहिक अवकाश व जयपुर में धरना देकर आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। जिलों में भी ज्ञापन देकर अपनी मांग रखी जा रही है।