जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
सूबे के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दो दिवसीय जोधपुर दौरे पर हैं। इस दौरान सीएम गहलोत ने विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करने के साथ जोधपुर शहर मे चल रहे विकास कार्यो का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बताया कि जोधपुर के जो बड़े काम अभी चल रहे हैं उनकी परिकल्पना उन्होंने 20 - 25 साल पहले की थी। वो परिकल्पना अब साकार होने वाली है। मीडिया से मुताबिक होते हुए गहलोत ने कहा कि सुरपुरा बांध एक नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो चुका है। पूरा शहर यहां आता है। पावटा अस्पताल को बड़ा अस्पताल बनाने का मेरा बहुत पुराना सपना था। जो इस बार पूरा हो रहा है इसमें कृषि भवन बाधा बना था। जिसे हमने इस बार खाली करवाया और अब पावटा अस्पताल 300 बेड का हॉस्पिटल बन जाएगा। सारी सुविधाएं भी होगी जिससे भविष्य में जोधपुर में एक और मेडिकल कॉलेज खोलने में आसानी होगी। उन्होंने आने वाले दिनों में जोधपुर एक और मेडिकल कॉलेज खोलने के संकेत भी दिए। गहलोत ने प्रदेश में कोयले के संकट पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार से बात हुई है। उम्मीद है कि कोई न कोई रास्ता जरूर निकलेगा। उन्होंने कहा कि हमने केंद्र सरकार से भी अतिरिक्त आवंटन की मांग की है जिससे कि प्रदेशवासियों को परेशानी नहीं हो। बजट को लेकर गहलोत ने कहा कि हमारे बजट की चर्चा पूरे देश में है। हमने हर वर्ग का ध्यान रखा है चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना के तहत बजट दस लाख का कर दिया है। इस योजना से किसी भी गरीब को उपचार करवाने में कोई परेशानी नहीं हो इसका ध्यान रखा गया है। हमारा प्रयास यह है कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति को मिले इसको लेकर भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के एलिवेटेड रोड जोधपुर में बनाने की घोषणा से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि गडकरी ने मेरे से प्रॉमिस किया था कि वो एलिवेटेड रोड बनाएंगे। वो इस तरह के बड़े प्रोजेक्ट कर चुके हैं इसकी डीपीआर को लेकर काम चल रहा है। स्टेट लेवल पर भी हमने काम किया है तब गडकरी ने कहा था कि डीपीआर मैं बनवा लूंगा। कई तकनीकी इश्यू भी हैं लेकिन लगातार इस पर बात चल रही है। मुझे उम्मीद है कि डीपीआर पूरी तैयार होने के बाद वह इस काम को शुरू करवा देंगे।