नागौर ब्यूरो रिपोर्ट।
नागौर एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नागौर नगर परिषद में शहरी जल प्रदाय योजना में ऑडिटर और कनिष्ठ अभियंता को 1 लाख 25 हजार 400 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के आवास और अन्य ठिकानों पर भी एसीबी की टीम तलाशी ले रही है। जानकारी के मुताबिक एसीबी नागौर इकाई को शिकायत मिली थी कि परिवादी की फर्म की धरोहर राशि (एसडी) का भुगतान करने की एवज में ऑडिटर नंद किशोर भाटी की ओर से स्वयं के लिए 25 हजार 400 रुपए एवं कनिष्ठ अभियंता माणकचंद सांखला के लिए एक लाख की रिश्वत राशि मांगी जा रही है। अजमेर एसीबी में उपमहानिरीक्षक समीर कुमार सिंह के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन किया गया। इसके बाद नागौर एसीबी इकाई के पुलिस निरीक्षक मोहन सिंह और उनकी टीम की ओर से ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। ट्रैप की कार्रवाई में नंदकिशोर को रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास स्टोर मुंशी और फोरमैन का अतिरिक्त चार्ज भी है।प्रकरण में नागौर नगर परिषद के ही शहरी जल प्रदाय योजना में कनिष्ठ अभियंता और फोरमैन का अतिरिक्त चार्ज देख रहे माणकचंद सांखला की प्रकरण में संलिप्तता होने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया है। एसीबी की दोनों ही आरोपियों से पूछताछ जारी है।