जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
यूक्रेन में रूस के हमले के बाद बने विपरीत हालातों के बीच रोमानिया के रास्ते भारत वापस आ रहे अजय सिंह से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मोबाइल पर बात की। दिल्ली एयरपोर्ट पर सीएम गहलोत ने फोन पर बात कर वहां की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली साथ ही राजस्थानियों को उनके घर तक पहुंचाने और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
इस बात की जानकारी खुद सीएम गहलोत ने ट्वीट कर दी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने फोन पर बात कर रोमानिया के रास्ते से वापस आ रहे शख्स से हालचाल जाना। ये भी कहा कि आप और अपने और दोस्तों को कहो कि कोई चिंता न करें। आश्वासन दिया कि यहां इंडिया और राजस्थान में आपके लिए सब ढंग से इंतजाम कर रखा है कोई दिक्कत नहीं आएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी पूछा कि छात्रों और इंडियन को एक साथ वहां से भारत के लिए निकाल रहे हैं या एक-एक करके। इस दरमियान गहलोत ने वहां आ रही परेशानियों की जानकारी भी ली जिस पर अजय सिंह ने कुछ परेशानियों का जिक्र मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से किया। गहलोत ने कहा कि आप जो शिकायत कर रहे हैं उसे कैसे हल कर सकते हैं उस बारे में भारत सरकार के मंत्रालय में भी बात करेंगे। मुख्यमंत्री ने यूक्रेन से विपरीत परिस्थितियों में वापस भारत लौट रहे सभी भारतीयों और राजस्थानियों को शुभकामनाएं भी दीं।

0 टिप्पणियाँ