जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
एसीबी ने जोधपुर के खान एवं भूविज्ञान विभाग के अतिरिक्त निदेशक मोहनलाल भाटी और विभाग की सहायक प्रशासनिक अधिकारी राजेश्वरी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। दोनों ने एक खान की स्वीकृति जारी करने के एवज में एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी। एसीबी के डीआईजी कैलाश चंद्र विश्नोई के अनुसार परिवादी की सिरोही जिले के सनपुर में ग्रेनाइट खान की स्वीकृति जारी करने के एवज में दोनों कार्मिकों ने एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। जिसको लेकर परिवादी ने जालोर एसीबी में शिकायत दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह राणावत ने इस शिकायत का 9 दिसंबर को स्त्यापान करवाया। सत्यापन के दौरान यह सामने आया कि अतिरिक्त निदेशक मोहनलाल भाटी और सहायक प्रशासनिक अधिकारी राजेश्वरी ने परिवादी से उसके सनपुर सिरोही स्थित ग्रेनाइट खान की स्वीकृति जारी करने के एवज में एक लाख रुपए की मांग की थी। लेकिन परिवादी की ओर से राशि ज्यादा बताए जाने और कुछ कम करने का निवेदन किया तो 80 हजार देना तय हो गया। हालांकि बाद में रिश्वत नहीं दी गई। संभवतः मांग करने वालों को शक हो गया। जिसके चलते एसीबी रंगे हाथों गिरफ्तारी की कारवाई नहीं कर सकी। लेकिन भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम के पास रिश्वत मांगे जाने के पूरे सबूत थे, जिसके आधार पर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धाराओं में अतिरिक्त निदेशक व विभाग की सहायक प्रशासन अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसकी जांच एसीबी जोधपुर की स्पेशल यूनिट के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डा दुर्ग सिंह राजपुरोहित को सौंपी गई है।

0 टिप्पणियाँ