उदयपुर से भगवान प्रजापत।
दक्षिण राजस्थान के दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जरूरतमंद लोगों को राहत देकर विकास की मूल धारा में उदयपुर जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा द्वारा शुरू किया गया मिशन कोटड़ा रंग ला रहा है। खुद कलक्टर  मीणा पिछले तीन दिनों में दूसरी बार कोटड़ा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। आला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मीणा गोगरुद पंचायत पहुंचे। कलेक्टर ने इस दौरान ग्रामीणों से संवाद कर सरकार की विभिन्न योजनाओं के मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अनाथ बच्चों के लिए चलाये जा रहे पालनहार सम्बलीकरण अभियान के तहत क्षेत्र के अब तक चिन्हित 700 बच्चों की स्थिति और इनको पालनहार योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। 
यह है कलेक्टर का मिशन कोटड़ा।
दरअसल इस अभियान के तहत आदिवासी इलाकों में रहने वाले अनाथ बच्चों का चिन्हीकरण होगा। उन्हें राज्य सरकार की से चलाई जा रही योजनाओं से जोड़कर प्रति माह सहायता राशि भी दी जाएगी। कलेक्टर ने यह व्यवस्था की है कि जब तक बच्चों या उनके पालनहार तक यह राशि न पहुंचे तब तक उनको व उनके परिवार तक प्रशासन की तरफ से पोषण राशन किट उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद अनाथ बच्चों की ट्रेकिंग करते हुए उनके वयस्क होने तक सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाते हुए शिक्षण-प्रशिक्षण के माध्यम से उनका करियर बनाया जायेगा। 
विभागीय अधिकारियों ने दी जानकारी।
ग्राम पंचायत परिसर में लगाये गए एक विशेष शिविर में मौजूद ग्रामीणों को  एसडीएम नीलम लखारा,सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक मान्धाता सिंह, शिक्षा विभाग के ब्क्म्व् ओमप्रकाश आमेटा, क्व्प्ज् उपनिदेशक शीतल अग्रवाल, डीएसओ ग्रामीण बिजल सुराणा, सीडीपीओ समेत कई अधिकारी दौरे के साथ मौजूद है। इन अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय और पालनहार योजनाओं में लाभ पाने की प्रक्रिया की जानकारी दी।

मॉडल डॉ. दिव्यानी कटारा को बनाया ब्रांड एम्बेसडर।
कलक्टर मीणा ने मिशन कोटड़ा के लिए वागड़ अंचल की ख्याति प्राप्त मॉडल डॉ. दिव्यानी कटारा को ब्रांड एंबेसडर बनाया है। कोटड़ा दौरे में दिव्यानी भी मौजूद रही और उन्होंने इन बच्चों और यहां की बच्चियों को प्रेरित करने के लिए हरसंभव सहयोग देने की बात कही।

पालनहार योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वालों को नहीं बख्शा जाएगा।
कलेक्टर ने इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र के हर अनाथ व पालनहार को सरकारी योजना का लाभ मिले और अनाथ बच्चों को अपना भविष्य बनाने के लिए उचित वातावरण मिले इसके लिए हर सरकारी अधिकारी कर्मचारी प्रयास करेंगे उन्होंने प्रशासन के इस मिशन में लापरवाही करने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शने की हिदायत भी दी । 

सुपोषण राशन किट का किया वितरण।
इस अवसर पर चिह्नित 5 बच्चों के पालनहार को मिशन की ब्रांड एम्बेसडर डॉ दिव्यानी कटारा और अन्य महिला अधिकारियों ने सुपोषण आहार किट का वितरण भी किया ।