जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
अंतरराष्ट्रीय कोक्लियर इंप्लांट दिवस पर सीएम गहलोत ने प्रदेश की जनता को बड़ी सौगात दी है। चिरंजीवी योजना में अब कोक्लियर इंप्लांट को भी शामिल किया गया है। सीएम गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय कोक्लियर इंप्लांट दिवस है। बजट 2022-23 में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में बीमा राशि को 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख करने की घोषणा की है। साथ ही चिरंजीवी योजना में कई गंभीर बीमारियों से जुड़े इंप्लांट और ट्रांसप्लांट के साथ कोक्लियर इंप्लांट को भी शामिल किया जाएगा।इससे हजारों बच्चों को बिना किसी खर्च के नया जीवन मिल सकेगा। गहलोत ने कहा कि मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि हमारी सरकार के पिछले कार्यकाल के दौरान कोक्लियर इंप्लांट की तकनीक के बारे में मुझे जानकारी मिली थी।इस पर त्वरित फैसला करते हुए मुख्यमंत्री सहायता कोष से कोक्लियर इंप्लांट के लिए राशि जारी करने का प्रावधान किया था। इससे 24 फरवरी, 2022 तक लगभग 55 करोड़ का खर्च आया है, जिससे 1,111 बच्चों को सुनने की क्षमता मिल सकी और वो आज सामान्य जीवन जी पा रहे हैं। अब चिरंजीवी योजना में कोक्लियर इंप्लांट शामिल होने से इसका लाभ अधिक जरूरतमंद बच्चों तक पहुंच सकेगा।

0 टिप्पणियाँ