जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र शुक्रवार को भी हंगामे की भेंट चढ़ गया। बजट सत्र में बहस के दौरान एक बार फिर नाथी का बाड़ा की गूंज सुनाई दी। बीजेपी विधायक अशोक लाहोटी ने कहा कि राजस्थान का बच्चा-बच्चा आज कह रहा है कि यह बजट है कि नाथी का बाड़ा है। सदन में ईमानदारी से बात करें। इस पर जलदाय मंत्री महेश जोशी ने कहा- हां आप सही बोल रहे हैं। नाथी का बाड़ा में जो मांगोगे वह मिलेगा। हमारा बजट ऐसा है कि जिसने जो मांगा है, वह मिला है। इस पर लाहोटी ने पलटकर पूछा- यह आप मान रहे हो न कि यह बजट नहीं नाथी का बाड़ा है। महेश जोशी बोले फिर बोले- बिल्कुल मानते हैं। इस बीच सभापति राजेंद्र पारीक ने कहा- नाथी के बाड़े के हवाले पांच दिन हो गए, अब तो माफ करो सदन को। पांच दिन तो इसी में चले गए। अब तो सदन को समय दीजिए।बीजपी ने रीट की सीबीआई जांच की मांग को लेकर राज्यपाल के अभिभाषण से लेकर चार दिन बहस के बाद सीएम के जवाब तक सदन में लगातार रीट के मुद्दे पर हंगामा किया था और सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया था। बीजेपी विधायक अशोक लाहोटी ने बजट प्रावधान और बढ़ते कर्ज को लेकर सरकार को घेरा। अशोक लाहोटी ने कहा कि मुख्यमंत्री अलग से कषि बजट का ढिंढोरा पीट रहे हैं। लेकिन असलियत में इस बार कृषि क्षेत्र का बजट पिछली बार से 10 रुपए कम कर दिया। किसान का मान रखने के लिए ज्यादा नहीं तो पिछली बार से टोकन मनी जितना ही बजट बढा देते, लेकिन आपने तो 10 रुपए कम कर दिया। लाहोटी ने कहा कि कम से कम किसानों की पुरी बिजली माफ कर देते। भाजपा इसमे आपका पुरा साथ देती।

0 टिप्पणियाँ