सपोटरा विनोद कुमार जांगिड़।
करौली जिले के उपखंड मुख्यालय सपोटरा बाजार की मुख्य सड़क पर लंबे समय से नासूर की तरह बनी जलभराव की समस्या से जल्दी ही अब सपोटरा विधानसभा वासियों को निजात मिल सकेगी। जी हां जिस प्रकार से सपोटरा बाजार की मुख्य सड़क पर विगत कई सालों से सालभर बनी रहने वाली जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए कैबिनेट मंत्री रमेश चंद मीणा ने सपोटरा कस्बे वासियों की मांग पर सीसी सड़क का निर्माण सहित नाली निर्माण के लिए 4 करोड का बजट पारित करवाया था। उस 4 करोड़ के बजट से सपोटरा कस्बे के मुख्य बाजार की सड़क और नाली निर्माण के कार्य का वर्क आर्डर अधीक्षण अभियंता सरत कुमार मीणा द्वारा 24 दिसंबर 2021को बेनीवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी को जारी करने के बाद बेनीवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधियों ने बुधवार से कार्य की शुरुआत करते हुए तय मापदंड के अनुसार अतिक्रमण के भीतर आने वाले दुकानों एवं मकानों की मुख्य सड़क के बीचो-बीच से दोनों तरफ 28-28 फीट की नाप करते हुए लाल रंग के निशान लगाएं। वहीं ठेकेदार और पीडब्ल्यूडी के कार्मिकों द्वारा दुकानों और मकानों पर लगाए गए लाल निशान से कस्बे के लोगों में हड़कंप मच गया। लेकिन लोगों में जलभराव की समस्या से निजात मिलने की खुशी भी नजर आ रही है।
सड़क के दोनो तरफ होगा नाली का निर्माण।
बेनीवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी हिंडौन सिटी के कप्तानसिंह सिकरवार ने बताया कि सपोटरा कस्बे की मुख्य सड़क के निर्माण और नाली निर्माण के वर्कआर्डर पीडब्ल्यूडी सपोटरा से जारी होने के बाद बुधवार से कार्य की शुरुआत करते हुए अतिक्रमण के दायरे में आने वाले मकानों एवं दुकानों को चिन्हित करते हुए लाल निशान लगाए जा रहे हैं। फिलहाल मुख्य सड़क के सेंटर से दोनों तरफ 28-28 फीट की माप करते हुए निशान लगाए जा रहे हैं। इसमें साढ़े 8 मीटर सीसी रोड का नया निर्माण करने के साथ सड़क के दोनों तरफ तीन तीन फीट की नाली का निर्माण भी किया जाएगा। इसके साथ ही सड़क और नाली के बीच वाली जगह में इंटरलॉकिंग टाइल लगाई जाएगी। बेनीवाल कंट्रक्शन कंपनी के कप्तान सिंह सिकरवार ने कहा कि अतिक्रमण के दायरे में आने वाले मकान मालिकों को पहले नोटिस जारी किए जाएंगे। उसके बाद लाउडस्पीकर के माध्यम से अतिक्रमण हटाने को लेकर सूचित किया जायेगा। यदि फिर भी किसी ने अतिक्रमण नहीं हटाया तो जेसीबी मशीनों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू की जायेगी। 
गुणवत्तापूर्ण लग्जरी सड़क का होगा निर्माण।
कंपनी के प्रतिनिधि ने बताया कि हमारा प्रयास सपोटरा कस्बे की मुख्य सड़क पर लंबे समय से बनी हुई जलभराव की समस्या को पूरी तरह खत्म करने का रहेगा। जहां पर जरूरत होगी वहां पर नाली की गहराई को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नाली निर्माण एवं सीसी सड़क के निर्माण कार्य की प्रारंभ तिथि 3 जनवरी 2022 तथा अंतिम तिथि 2 जुलाई 2022 की अवधि को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य किया जाएगा। आपको बता दें, कि सपोटरा कस्बे के बाजार की मुख्य सड़क पर लंबे समय से नासूर बनी हुई जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए राज-काज न्यूज के सपोटरा संवाददाता विनोद कुमार जांगिड़ द्वारा समय समय पर प्रमुखता से जलभराव की समस्या की खबर को प्रकाशित किया गया था।