झालावाड़-हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ जिले के बकानी थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 ग्राम स्मैक सहित एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त की गई बुलेट बाइक को भी पुलिस ने जप्त कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए झालावाड़ पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करी पर प्रभावी रोकथाम के लिए जिले भर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रकाश शर्मा के निर्देशन में तथा डीएसपी नीरज कुमारी शर्मा के सुपरविजन में बकानी थाना अधिकारी मोहम्मद इब्राहिम द्वारा टीम गठित की गई थी। बकानी थाना पुलिस की टीम आज सुबह महेशपुरा रोड पर गश्त कर रही थी, उसी दौरान एक बुलेट सवार युवक को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली। जिसके पास से एक पुड़िया में रखी 25 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसे जप्त कर पुलिस ने आरोपी रईस खान निवासी पिड़ावा को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की बाइक को भी पुलिस ने जप्त कर लिया है । पुलिस आरोपी से तस्करी से जुड़े उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।