जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
गुरूवार का दिन सार्थक मानव कुष्ठाश्रम के आवासीयों के लिए अविस्मरणीय दिन रहा। आश्रम में रह रहे लगभग 30 कुष्ठ रोगियों ने जीवन में प्रथम बार हवाई जहाज की यात्रा का आनंद उठाया और यह सब संभव हो सका समाजसेवी हरीश अरोड़ा एवं उनकी धर्मपत्नी प्रमिला अरोड़ा के असीम सहयोग से। कभी इन कुष्ठ रोगियों ने जीवन में यह सोचा भी नहीं होगा एक दिन वे आसमान की सैर करेंगे। इस यात्रा के दौरान विमान में फर्स्ट इंडिया टीवी के सीएमडी जगदीश चन्द्र भी साथ रहे। इस यात्रा के बाद सभी कुष्ठ रोगी अपने आपको प्रफुल्लित एवं गौरवान्वित अनुभव कर रहे हैं। किसी भी एयरलाइन कंपनी एवं भारत में स्थापित 800 कुष्ठ कॉलोनियों के लिए यह एक एंतिहासिक पल है जब सार्थक मानव कुष्ठाश्रम में आवासरत कुष्ठ रोगी इस तरह सामुहिक रूप से हवाई जहाज की यात्रा  कर रहे हैं। जब  गुरूवार को इन सभी कुष्ठ रोगियों ने जयपुर एयरपोर्ट से नई दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी तो इनके चेहरे पर यह खुशी साफ झलक थी और यह ख़ुशी ओर भी अधिक हो गई जब विमान के पायलेट  ने इनके साथ ग्रुप फोटो लिया। हवाई यात्रा के बाद सभी ने नई दिल्ली स्थित गुरुद्वारा बंगला साहिब में गुरु ग्रंथ साहब के दर्शन,अरदास एवं लंगर प्रसादी प्रसाद के साथ साथ दिल्ली दर्शन का आनंद भी प्राप्त किया।उनकी इस यात्रा में समाजसेवी हरीश अरोड़ा उनकी धर्मपत्नी प्रमिला अरोड़ा संस्था के अध्यक्ष  सुरेश कौल भी साथ रहे।