सपोटरा विनोद कुमार जांगिड़।
राजस्थान प्रदेश के माली,सैनी,काछी (कुशवाहा) शाक्य, मौर्य समाज को आरक्षण देने की मांग एक बार फिर से उठी है। आरक्षण की मांग को लेकर समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम उपखंड अधिकारी सपोटरा अनुज भारद्वाज को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि राजस्थान प्रदेश में माली, सैनी,काछी(कुशवाहा) शाक्य मौर्य समाज की जनसंख्या लगभग एक करोड़ के करीब है जो राजस्थान की जनसंख्या की लगभग 12% निवास करती है।
 इसके बावजूद समाज राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षिक व आर्थिक स्थिति में विशेष रूप से पिछड़ा हुआ है समाज के अधिकांश लोग लघु कृषक व मजदूर है तथा समाज के लोगों के पास आय का कोई स्रोत नहीं है। और समाज के अधिकतर लोग गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन कर रहे हैं। तथा समाज के बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। समाज के लोगों की सरकारी सेवाओं में भागीदारी ना के बराबर है। और राजनीति में भी भागीदारी ना के बराबर है। राजस्थान प्रदेश में प्रशासनिक सेवाओं में समाज का प्रतिनिधित्व बिल्कुल भी नहीं है। हमारी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मांग है कि हमारे समाज को राजस्थान प्रदेश के सभी समाजों की समानता के स्तर पर लाने के लिए जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण दिया जाए साथ ही सरकारी नौकरियों में 12% आरक्षण दिया जाए। ज्ञापन देने के दौरान माली, सैनी, (कुशवाहा) शाक्य, मौर्य आरक्षण संघर्ष समिति प्रदेश संयोजक  मुरारी लाल सैनी, नंदलाल माली, मीठालाल,बत्तीलाल माली, अमृतलाल, जत्तीराम माली, बदनसिंह,प्रभुलाल, छोटेलाल सैनी सहित समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।