जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
23 फरवरी को राजस्थान का बजट पेश होने के बाद विधायकों को उपहार में मिले आईफोन-13 पर हुई सियासत के बाद शुक्रवार को कई भाजपा विधायक अपने आईफोन और बैग लेकर विधानसभा पहुंचे। खास बात यह रही पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को उपहार में मिले आईफोन और बैग को उनके समर्थक विधायक प्रताप सिंह सिंघवी विधानसभा लेकर पहुंचे। इस दौरान सिंघवी ने कहा कि पार्टी आदेश देगी तो पूर्व में मिले लैपटॉप और फ्लैट भी वापस सरकार को लौटा दिए जाएंगे। बता दे, कि प्रताप सिंह सिंघवी पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खास और नजदीकी विधायकों में शामिल हैं। यही कारण है कि वसुंधरा राजे ने पार्टी के निर्देश पर उपहार में मिले आईफोन और बैग जमा कराने की जिम्मेदारी छबड़ा विधायक प्रताप सिंह को दी। प्रताप सिंह ने यहां बैग और आईफोन नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के दफ्तर में उन्हें सुपुर्द किया। कटारिया के माध्यम से ही भाजपा विधायकों के फोन विधानसभा अध्यक्ष और सरकार तक पहुंचाएं जाएंगे।

अब तक 50 भाजपा विधायकों ने लौटाए आईफोन।
शुक्रवार तक करीब 50 भाजपा विधायकों ने उपहार में मिले आईफोन नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के कार्यालय में जमा कराए। अब भी करीब 20 विधायकों की ओर से यह फोन लौटाना बाकी है। हालांकि बचे हुए विधायकों ने भी आईफोन वापस लौटाने में अपनी सहमति दे दी थी। संभवतः कुछ विधायक अनुपस्थित रहे जिसके चलते वे सदन की कार्यवाही शुरू होने या सीधे नेता प्रतिपक्ष के घर पहुंचकर मोबाइल लौटा सकते हैं।