सवाई माधोपुर से हेमेन्द्र शर्मा।
सवाई माधोपुर जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत संविदा कार्मिकों को समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण महकमे में अव्यवस्था का आलम लगातार पैदा होता चला जा रहा है। जिसके चलते  इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। सवाई माधोपुर जिले में कोविड सहायक  पिछले कई समय से लगातार अपने भुगतान की मांग करते चले आए हैं। 
राज्य सरकार के द्वारा जारी आदेशों के चलते सवाई माधोपुर जिले में कोरोना काल में सैकड़ों कोविड सहायक सवाई माधोपुर जिले में लगाए गए थे। लेकिन पिछले 5 माह से कोविड सहायकों को भुगतान नहीं मिल रहा है। जिसके चलते सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी उपखंड क्षेत्र के हिंगोटिया पीएचसी पर 120 कोविड सहायक एकत्रित हुए। जहां पर उन्होंने राज्य सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। कॉविड सहायकों ने जानकारी देते हुए बताया कि गंगापुर सिटी उपखंड क्षेत्र में 120 कॉविड सहायक कार्यरत हैं। लेकिन पिछले 5 माह से लगातार भुगतान की मांग करने के बावजूद भी उन्हें भुगतान नहीं किया जा रहा है। इससे पूर्व भी कई मर्तबा कोविड सहायक सरकार के दरवाजे ढोक चुके हैं। जनप्रतिनिधियों से लेकर विभाग के आला अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद भी अब तक भुगतान नहीं हो सका है। ऐसे मे भुगतान करने की मांग को लेकर गंगापुर सिटी उपखंड क्षेत्र में कोविड सहायकों ने कार्य का बहिष्कार भी रखा।