जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर शहर में 5 फरवरी को पानी की सप्लाई नहीं होगी। जल स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग यानी पीएचईडी ने बताया कि 4 फरवरी शाम 4 बजे से 5 फरवरी शाम तक मेंटेनेंस और रिपेयरिंग के काम के लिए शट डाउन का निर्णय किया है। इसके कारण पूरे जयपुर शहर में पानी की सप्लाई नहीं होगी। पीएचईडी अधिकारियों की माने तो इस निर्णय से पूरे शहर में करीब 5.50 लाख घरों में पानी नहीं आएगा।पीएचईडी जयपुर के एडिशनल चीफ इंजीनीयर मनीष बेनीवाल ने बताया कि आगामी गर्मियों में पानी की सप्लाई सिस्टम को ठीक बनाए रखने के लिए बीसलपुर प्रोजेक्ट के तहत जगह-जगह बने पम्प हाउस, एयर वॉल्व, पाइप लाइन को रिपेयर करने का काम किया जाएगा। इसके लिए 4 फरवरी शाम से पूरे जयपुर में फेज वाइज शट डाउन किया जाएगा। इस शट डाउन का असर 5 फरवरी को शहर में होने वाली पानी की सप्लाई पर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि हालांकि जिन एरिया में बीसलपुर का पानी नहीं आ रहा और जहां ट्यूबवैल से पानी की सप्लाई हो रही है वहां पानी की सप्लाई जारी रहेगी।

6 फरवरी से नियमित होगी सप्लाई।
एक दिन के शट डाउन में आगरा रोड स्थित खो-नागोरियान हैण्ड वर्क्स पर नए वाटर स्टेशन को पुराने वाटर स्टेशन से कनेक्ट किया जाएगा।बीसलपुर-जयपुर के बीच और जयपुर में बने तमाम पम्प हाउसों पर बिजली के पैनल और ट्रांसफार्मरों की मेन्टीनेन्स का काम करने के अलावा शहर में अलग-अलग जगह वॉल्व का लीकेज ठीक करने और बदलने का काम होगा। शहर में 6 फरवरी से पानी की नियमित सप्लाई शुरू होगी।