जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
कृषि विपणन राज्य मंत्री मुरारी लाल मीणा ने शुक्रवार को विधानसभा में आश्वस्त किया कि विभाग में जल्द ही 400 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसकी अभ्यर्थना राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को विभाग द्वारा भेज दी गई है। मीणा ने प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे पूरक प्रश्न का जवाब देते हुए बताया कि एजेंसियों द्वारा लगाए गये कर्मचारियों का पीएफ काटा जाता है। इन कर्मचारियों की समय- समय पर मॉनिटरिंग भी की जाती है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा भर्ती प्रक्रिया पूर्ण होने पर मण्डियों में रिक्त पदों को भर दिया जाएगा। इससे पहले कृषि विपणन राज्य मंत्री विधायक नरेन्द्र नागर के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में बताया कि कृषि उपज मण्डी समिति खानपुर द्वारा संविदा पर किसी भी कर्मचारी की सेवाऐं नहीं ली जा रही है। अपितु कृषि उपज मण्डीं समिति खानपुर द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, जल व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, एवं कम्प्यूटर आपरेटर मय मशीन के कार्य ठेके पर कराये जाने के लिए नियमानुसार निविदाऐं आमंत्रित कर न्यूसनतम निविदादाता फर्म को ठेका स्वीेकृत कर उक्त कार्य कराये जाते है। उन्होंने  वर्तमान में संचालित ठेकों का विवरण सदन के पटल पर रखा।