करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
करौली बाल संप्रेषण गृह से गणतंत्र दिवस के दिन दो बाल अपचारी किचन की कुंदी तोडकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस दोनों बाल अपचारियों की तलाश में जुटी हुई है। लेकिन दोनो बाल अपचारी पुलिस की पकड से बाहर है। खास बात यह है कि बालक अपचारियों को भागते समय संप्रेषण गृह के अधिकारी ने पकड़ने की कोशिश की। लेकिन पकडने के प्रयास मे अधिकारी की शर्ट  फट गई। बाल संरक्षण अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक कृष्णकांत सांखला ने बताया कि बुधवार को संप्रेषण गृह की किचन को एक बाहर के युवक ने पत्थर से कुंडी तोड़कर दरवाजा खोल दिया। इसके बाद दो बाल अपचारी संप्रेषण गृह से बाहर निकल आए। तभी बाल संप्रेषण गृह के सहायक निदेशक की उन पर नजर पड़ गई और उन्होंने बाल अपचारी को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन बाल अपचारी निदेशक की शर्ट को खीचकर फरार हो गए। इस दौरान निदेशक की शर्ट भी फट गई। सहायक निदेशक ने बताया कि बाल अपचारियो का भागते समय उनका पीछा भी किया लेकिन उनके इंतजार में खड़ा एक युवक मोटर बाइक पर बैठा कर उनको लेकर फरार हो गया। सहायक निदेशक ने बताया कि मोटरसाइकिल को भी पकड़ने का और मोटरसाइकिल के नंबर देखने का प्रयास किया लेकिन उबड खाबड रास्ते होने के कारण वह पीछा करते समय फिसल गए। इसका फायदा उठाकर बाल अपचारी फरार हो गए। इधर करौली कोतवाली थाना अधिकारी रामेश्वर दयाल ने बताया कि बाल अपचारियो की तलाश की जा रही है। दोनों बाल अपचारी चोरी सहित विभिन्न मामलो के प्रकरण मे बंद थे। चारों तरफ नाकेबंदी करा दी गई है. जल्दी बाल अपचारियो को पकड़ लिया जावेगा।