सवाईमाधोपुर से हेमेन्द्र शर्मा।
सवाई माधोपुर स्थित रणथम्भौर नेशनल पार्क के जोन नंबर एक में मंगलवार सुबह की पारी में बाघिन नूर ने जंगली सूअर का शिकार किया। राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के दिन घूमने आए करीब 125 टूरिस्ट ने बाघिन को शिकार करते देखा और पूरी घटना को अपने  कैमरे में शूट कर लिया।
रणथम्भौर नेशनल पार्क में पहली पारी में 5 जिप्सी और 5 कैंटर में करीब 125 टूरिस्ट जोन नंबर एक में साइटिंग कर रहे थे। इसी दौरान जंगल में घूम रहे एक जंगली सूअर पर बाघिन नूर से अचानक हमला कर दिया। बाघिन नूर ने सूअर की गर्दन को दबोचा। बाघिन द्वारा शिकार करने की जानकारी मिलते ही पार्क भ्रमण पर गये गाइड पर्यटकों को लेकर मौके पर पहुंच गये।
 बाघिन द्वारा शिकार करने के दौरान जंगली सूअर ने बचने का काफी प्रयास भी किया। सूअर ने भी अपने दांत से बाघिन पर हमला करना चाहा, लेकिन बाघिन बच गई। बाघिन द्वारा जंगली सुअर का शिकार करते देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। शिकार के दौरान बाघिन नूर को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 7 मिनट में बाघिन नूर ने जंगली सूअर का शिकार कर जमीन पर गिरा दिया। शिकार करते बाघिन के हर मूवमेंट को वहाँ मौजूद पर्यटकों ने अपने कैमरों में कैद किया।