सिरोही से गणपत सिंह मांडोली।
राजस्थान सरकार के वित्तीय वर्ष 2021-22 की बजट घोषणा के अनुरूप राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसायटी के अधीन नर्सिंग महाविद्यालय सिरोही की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई है। विधायक संयम लोढा ने स्वीकृति पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा का आभार जताया। राजस्थान सरकार के चिकित्सा शिक्षा के शासन उप सचिव अशोक कुमार सोनी ने आदेश जारी करते हुए नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग के लिए 60 सीटों पर 2021-22 में संचालित किए जाने की प्रशासनिक अनुमति प्रदान की
है। साथ ही महाविद्यालय के स्वामित्व का निर्धारण आधारभूत संरचना के निर्माण उपकरण आदि के लिए बजट एवं आवश्यक पदों के सृजन की कार्यवाही वित्त विभाग से प्रथक से कराया जाना सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। प्रमुख चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ ए.के मौर्य ने बताया कि 2018 में नर्सिंग कॉलेज भवन के लिए 1 करोड का बजट आवंटित हुआ था। मेडिकल कॉलेज के समीप ही नर्सिंग कॉलेज के लिए भूमि आवंटन को लेकर जिला कलक्टर के माध्यम से प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेज दिया गया है। इसी सत्र में 60 स्टूडेंट जीएनएम का ट्रेनिंग सेन्टर शुरू कर दिया जाएगा। नये भवन के निर्माण होने तक अन्य भवन में इसका संचालन किया जाएगा। मौर्य ने बताया कि कार्डियॉलजी, नेफ्रॉलजी, क्रिटिकल केयर, ऑन्कॉलजी आदि सुपर स्पेशलिटी में मास्टर डिग्री, एमफिल और पीएचडी कोर्स आगे जाकर शुरू किये जायेंगे।

0 टिप्पणियाँ