झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ जिले के घाटोली थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 40 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए झालावाड़ पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करों की धरपकड़ के लिए जिले भर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश यादव के निर्देशन में तथा अकलेरा डीएसपी गिरधर सिंह के निकटतम सुपरविजन में घाटोली थाना अधिकारी अजीत सिंह द्वारा टीम गठित की गई। देर शाम घाटोली थाना पुलिस टीम द्वारा जामुनिया का पूरा कच्चा रास्ता पर दौराने गश्त नाकेबंदी की जा रही थी। उसी दौरान सामने से आ रहे एक पैदल राहगीर को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली, जिसके पास से एक पुड़िया में 40 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई। जिसे पुलिस ने जप्त कर आरोपी प्रताप सिंह निवासी भवानीपुरा खाकराबावड़ी थाना घाटोली को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है, कि वह यह मादक पदार्थ कहा से लाया था और किसे बेचने जा रहा था। ऐसे में पूछताछ के दौरान आरोपी से क्षेत्र में तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क के भी खुलासे की उम्मीद है।

0 टिप्पणियाँ