भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने समस्त संभाग स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे राज्य सरकार की मंशा अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति संवेदनशील एवं मानवीय होकर कार्य करें जिससे योजनाओं को धरातल पर लाकर शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित कराया जा सके। मुख्य सचिव भरतपुर जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित भरतपुर संभाग के संभाग स्तरीय अधिकारियों से विभागीय योजनाओं, फ्लैगशिप योजनाओं, मुख्यमंत्री एवं बजट घोशणाओं की उपलब्धियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से निर्धन एवं गरीब व्यक्ति को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किये हैं इसके लिए हमें शत-प्रतिशत लोगों को पंजीकृत कर इसके दायरे में लाना होगा तभी हम आम आदमी को इस योजना का लाभ दिला सकेंगे। उन्होंने जिला कलक्टरों को निर्देश दिये कि वे ऐसा ऑनलाईन सॉफ्टवेयर तैयार करायें जिससे निःशुल्क दवा एवं जांच योजनाओं में चिकित्सक पर्ची पर दवाओं के वितरण की मॉनिटरिंग की जा सके और रोगियों को बाजार से दवा खरीदने को मजबूर न होना पडे। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा नववर्ष में मिलावटखोरों के विरूद्ध शुरू किये गये शुद्ध के लिये युद्ध अभियान का प्रभावी रूप से संचालन कर मिलावटखोरी पर कडी निगरानी रखें तथा अभियान में ऐसे लोगों के विरूद्ध कार्यवाही करें जिससे आमजन में सरकार के प्रति विश्वास कायम हो सके। उन्होंने राज्य सरकार के कोई भी गरीब एवं निर्धन व्यक्ति भूखा न रहें के संकल्प को पूरा करने के लिए संचालित इंदिरा रसोई योजना के तहत दिये जाने वाले खाने की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर निगरानी के साथ ही लाभार्थियों की संख्या का भी सत्यापन करायें। मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी अंग्रेजी मीडियम विद्यालय योजना का सार्थक परिणाम लाने के लिए विशेष शिक्षकों का चयन कर नाम के अनुरूप शिक्षा की गुणवत्ता बनाये रखें जिससे गरीब परिवार के छात्रों को सहज एवं सुलभ अंग्रेजी शिक्षण का लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे दिव्यांगजनों एवं सिलिकोसिस पीडितों के प्रति संवेदनशील होकर चिकित्सा प्रमाण पत्र जारी करने के विशेष शिविर आयोजित कर लम्बित प्रकरणों को शून्य स्तर पर लायें जिससे राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उन्हें मिल सके। उन्होंने 2 अक्टूबर से संचालित प्रशासन गांवों के संग एवं प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए फॉलोअप शिविर लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि कोविड से बचाव के लिए केवल टीकाकरण ही उपाय है इसलिए शत-प्रतिशत टीकाकरण करायें तथा टीकाकरण में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग आपेक्षित है। उन्होंने चम्बल पेयजल परियोजना के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिये कि परियोजना के कार्यों को गति देकर निर्धारित समय पर पूरा करायें। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पेयजल योजना जल जीवन मिशन को राज्य सरकार के मंशा अनुरूप निर्धारित लक्ष्य के तहत समय पर पूरा कराने के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य करें जिससे ग्रामीणजनों को स्वच्छ एवं गुणवत्ता पूर्ण पेयजल घर पर ही उपलब्ध हो सके। बैठक में भरतपूर जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा उपखण्ड स्तर पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के तहत रूपवास में रीको एरिया मिलने पर स्टोन पार्क विकसित करने की संभावना को मद्देेनजर रखते प्रस्ताव राज्य सरकार को भिजवाये जा चुके है। जिला कलक्टर धौलपुर राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि पालनहार योजना से शिक्षारत बच्चों को लाभान्वित करने के साथ ही दो से अधिक बच्चों को भी इस योजना से लाभान्वित कराने के लिए संशोधन कराया जावे। बैठक का संचालन करते हुए भरतपुर संभागीय आयुक्त पी.सी बेरवाल ने विभागवार एवं योजनावार जानकारी दी। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक प्रसन्न कुमार खमेसरा, जिला कलक्टर करौली सिद्धार्थ सिहाग, जिला कलक्टर सवाई माधोपुर  राजेन्द्र किशन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन बीना महावर सहारण, घना निदेशक मोहित सहित समस्त भरतपुर संभागीय जिलों के पुलिस अधीक्षक एवं विभिन्न विभागों के संभाग स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। 

फरियादियों की सुनी समस्या।
मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने अपनी परिवेदना लेकर आये व्यक्तियों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी परिवेदना सुनी तथा मौके पर उपस्थित अधिकारियों को परिवेदना संवेदनशील होकर निस्तारण करने के निर्देश दिये। इससे पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य का कलेक्ट्रट परिसर में पहुंचने पर गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा लुपिन संस्था द्वारा भरतपुर जिले के प्रगतिशील किसान, महिला उद्यमियों एवं व्यवसाईयों द्वारा उत्पादित शहद, सब्जी, फलों, तुलसी माला एवं सिलाई उत्पादों का प्रदर्शन किया जिसकी मुख्य सचिव द्वारा सराहना की गई।
बच्चों के वैक्सीनेशन सेन्टर का मुख्य सचिव ने किया शुभारम्भ।
इससे पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने मास्टर आदित्येन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में संचालित 15 से 18 वर्श आयुवर्ग के बच्चों के लिए लगाये गये टीकाकरण कैम्प का शुभारम्भ करते हुए उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये कि जिले में 15 से 18 वर्ष आयुवर्ग के 1 लाख 73 हजार बच्चों को समय पर टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें जिससे संभावित तीसरी लहर से बचाव हो सके। इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मुख्यालय प्रेमसिंह कुंतल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनीश चौधरी, जिला प्रजनन अधिकारी डॉ अमर सिंह सैनी सहित अन्य शिक्षा एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे। मुख्य सचिव के प्रथम बार भरतपुर आगमन पर विभिन्न संस्थाओं, पेंशनर्स समिति सहित सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।