झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ जिले की असनावर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्यवाही करते हुए एंबुलेंस में अवैध अफीम डोडा चुरा ले जाते हुए तीन तस्करों को धर दबोचा। पुलिस ने गिरफ्तार तस्करों के कब्जे से 2 किलो 500 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद किया है । झालावाड पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में असनावर थाना पुलिस ने एनएच 52 पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक संदिग्ध एंबुलेंस वैन को देखकर जब पुलिस ने उसे रुकवाने की कोशिश की तो एंबुलेंस चालक ने उसे भगा ले जाने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने पीछा कर उसे इलाके के जूनाखेड़ा तिराहे के पास रोक लिया, जब एंबुलेंस वैन की पुलिस ने तलाशी ली तो उसमें अवैध मादक पदार्थ 2 किलो 500 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ, इस पर पुलिस ने वैन में सवार नागौर जिले के तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। झालावाड जिले में पूर्व में भी एंबुलेंस के माध्यम से अवैध हथियारों व शराब की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं। इस बार भी पुलिस को इसी तरह का इनपुट मिला था। जिसके बाद पुलिस ने यह कार्यवाही की है। सारे मामले में झालावाड एसपी मोनिका सेन का कहना है कि अब पुलिस जिले से बाहर की संदिग्ध एंबुलेंसों पर कड़ी नजर रखेगी व सभी तरह के आपराधिक मामलों में ऐंबुलेंस का उपयोग करने वालों पर कार्यवाही करेगी।

0 टिप्पणियाँ