जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
कोरोना की सचिवालय में भी दस्तक हो गई है जहां सरकार के मंत्री, और ब्यूरोक्रेसी बैठती हैं, वहां भी कोरोना की दस्तक ने अधिकारियों व कर्मचारियों की परेशानी बढ़ा दी है। दरअसल सचिवालय स्थित डिस्पेंसरी में 2 दिन में 32 सैंपल लिए गए, जिसमें 13 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए। सचिवालय मे इतनी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद सैंपलिंग बढ़ा दी गई है। तीन दिन में अब तक 63 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। जिनमें से 31 कार्मिकों की रिपोर्ट आना बाकी है।डीआईपीआर निदेशक पुरूषोत्तम शर्मा, कार्मिक विभाग संयुक्त सचिव जयनारायण मीणा और मंत्री बीडी कल्ला के स्टाफ में भी कार्मिक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। डोओपी संयुक्त सचिव जयनारायण मीणा में ओमिक्रोन के लक्षण मिले हैं। सचिवालय में इतनी बड़ी संख्या में कार्मिकों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद कर्मचारियों में डर बन गया है।यह आंकड़े सचिवालय में कर्मचारियों ने जो सैंपल दिए हैं उसकी रिपोर्ट के आधार पर हैं। इसके साथ ही जिन कर्मचारियों ने सीधे ही सेंपल देकर अपनी जांच करवा ली है। उसका रिकॉर्ड अभी सचिवालय में नहीं है। लेकिन माना जा रहा है कि सचिवालय के करीब 25 के करीब कर्मचारी कोरोना संक्रमित हैं। सचिवालय में कर्मचारियों को जागरूक करने के लिए सुरक्षा अधिकारी लगातार कर्मचारियों से मास्क लगाने की अपील कर रहे हैं।

कोविड नियत्रंण कक्ष की स्थापना।
राजस्थान में कोरोना के बढ़ते मामलों पर निगरानी रखने तथा कोविड गाइड लाइन की पालना सुनिश्चित करवाने तथा व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त रखने के लिए राज्य स्तरीय कोविड नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। इस नियंत्रण कक्ष में एक डीआईजी स्तर के अधिकारी की तैनाती कर उसके अधीन पुलिस व राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को लगाया गया है।