उदयपुर से भगवान प्रजापत।
केन्द्र सरकार के निर्देश पर सोमवार से पूरे जिले में बच्चों का वैक्सीनेशन शुरू हो गया। 15 से 18 साल की उम्र के बच्चों के वैक्सीनेशन की शुरुआत शहर के मधुबन स्थित रेजीडेंसी स्कूल से हुई। कलेक्टर चेतन देवड़ा ने इसकी शुरुआत की। जिले में लगभग 2 लाख 15 हजार बच्चों को इस कैटेगरी में वैक्सीनेट किया जाएगा। इसके लिए 514 साइट्स बनाई गई हैं। जहां बच्चों का वैक्सीनेशन होगा। इनमें से 490 स्कूल हैं। इनमें सरकारी और प्राइवेट दोनों तरह के स्कूल शामिल हैं।जिले में वैक्सीनेशन के लिए हर ब्लाक के हर सेक्टर से कम से कम 2 स्कूलों को चुना गया है। इसके अलावा जो बच्चे स्कूल नहीं जाते हैं, उनके वैक्सीनेशन के लिए नियमित सेशन साइट के अलावा 6 जगहों पर वैक्सीनेशन होगा। इनमें सहस्त्र औदीच्य समाज छोटी ब्रह्मपुरी, संत निरंकारी भवन चित्रकूट नगर, अटल सभागार, एग्रो ट्रेड कृषि मंडी, बीएन कॉलेज और टाउन हॉल पर स्पेशल वैक्सीनेशन साइट्स बनाई गई हैं। पहले दिन उदयपुर में 20 हजार से ज्यादा वैक्सीनेशन की डोज लगाई जाएंगी।
वैलिड आइडी प्रूफ के साथ कराना होगा रजिस्ट्रेशन इन साइट्स पर 15 से 18 साल के बच्चे वैलिड आईडी प्रूफ के साथ वैक्सीनेशन करवा सकेंगे। उदयपुर के सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया की टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन करने के चलते बच्चों को आईडी कार्ड लाना जरूरी होगा। इसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड के अलावा स्कूल का फोटो युक्त आईडी कार्ड भी दिखाकर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। इन सभी बच्चों को को-वैक्सीन की डोज लगेगी।

0 टिप्पणियाँ