सपोटरा से विनोद कुमार जांगिड़।
करौली जिले के उपखंड सपोटरा इलाके में मां की ममता को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। वह ना तो मां के आंचल में खेल पाया और न ही मां की ममता को समझ पाया इससे पहले ही एक मां ने अपने ही हाथों से अपने अंश को मौत के आगोश में सुला दिया।उसने अभी दुनिया में आकर आंख खोली भी नहीं थी कि उस के नसीब में नहर के पानी में मां की ममता का दफन होना लिख दिया। दरअसल करौली जिले के उपखंड सपोटरा इलाके की ग्राम पंचायत गज्जूपुरा अंतर्गत सपोटरा से नारौली डांग जाने वाली सड़क के मध्य कालीसिल बांध से निकलने वाली नहर की पुलिया के पास नवजात शिशु का मृत भ्रूण नहर के पानी में पड़ा हुआ दिखाई दिया तो रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों के कदम ठिठक गए और जब नजदीक जाकर देखा तो शिशु मृत्यु अवस्था में था।नवजात शिशु के मृत अवस्था में नहर के पानी में मिलने की घटना की खबर सपोटरा क्षेत्र में आग की तरह फैलने के साथ इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम पंचायत सरपंच हरिमोहन महावर और पत्रकारों को दी।
सरपंच ने तत्काल सपोटरा पुलिस थाने में सूचना दी।
ग्राम पंचायत सरपंच से मिली सूचना पर सपोटरा थाना पुलिस और पत्रकार घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन चिकित्सा विभाग के नहीं पहुंचने पर बीसीएमओ सपोटरा धर्मेंद्र गुर्जर को मोबाइल पर घटना की जानकारी दी।इस दौरान देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों व राहगीरों का जमावड़ा लग गया और तरह-तरह की चर्चाएं होती रही की नहर के पानी में नवजात शिशु को फेंक कर उसकी मां चली गई, पल भर के लिए मां को ममता भी याद नहीं आई कि उसने जिस बच्चे को 9 माह पेट में रखा उसे तड़पने के लिए कैसे नहर के पानी में छोड़ दूं, नहर का ठंडा पानी और भूख ने नवजात को मौत की नींद सुला दिया।
चिकित्सा विभाग की टीम ने निकाला मृत भ्रूण को नहर के पानी से बाहर।
नहर के पानी में मां की ममता के दफन हो जाने पर नवजात मृत भ्रूण को चिकित्सा विभाग की टीम ने सफाई कर्मचारी की मदद से नहर के पानी से बाहर निकाला। मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि मृत अवस्था में नहर के पानी में मिला नर भ्रूण सात माह का हैं जो पूर्ण विकसित हो चुका था। लेकिन किसी मां ने अपनी ममता नहर के पानी में दफन कर दी थी। जिसका पोस्टमार्टम कर डीएनए टेस्ट का सैंपल ले लिया हैं।
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जुटी जांच पड़ताल में।
मां की ममता के नहर के पानी में दफन हो जाने पर सात माह के नर भ्रूण के मृत अवस्था में मिलने पर ग्राम पंचायत गज्जूपूरा सरपंच हरिमोहन महावर की शिकायत पर पुलिस ने अपराध धारा 315 आईपीसी के तहत अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने शक के आधार पर सपोटरा क्षेत्र में स्थित निजी अस्पतालों में पहुंचकर भी पूछताछ की हैं।

0 टिप्पणियाँ