कोटा से हंसपाल यादव।
ब्राह्मण कल्याण परिषद ने विगत दिनों शाहबाद (बारां) निवासी दीपेश शर्मा की संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई मौत के नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर पुलिस महानिरीक्षक रविदत्त गौड़ को ज्ञापन सौपा।

ये है पूरा मामला।

9 अक्टूबर 2021 को मृतक दीपेश शर्मा अपने घर से लापता हो गया था। जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों द्वारा पुलिस थाना शाहबाद बारां में दर्ज करवाई थी। शाहबाद थाना पुलिस को गुमशुदा दीपेश का शव 12 जनवरी को शाहबाद के जंगलों में श्यारी घाटी के ऊपर सड़ी गली हालात में पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान आगे की कार्यवाही शुरू कर दी।मृतक दीपेश शर्मा के भाई ने लोकेश चौरसिया,विवेक सोनी,परवेज मंसूरी,हिमांशु वर्मा,प्रमोद राठोर, सादाब हुसैन व एक अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। मृतक के भाई ने बताया कि इतने दिन गुजरने के बाद भी शाहबाद पुलिस ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया।ब्राह्मण कल्याण परिषद के संयोजक अनिल तिवारी ने बताया कि मृतक दीपेश शर्मा के हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर पुलिस महानिरीक्षक रविदत्त गौड़ को ज्ञापन दिया है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो समाज द्वारा आंदोलन किया जायेगा। पुलिस महानिरीक्षक ने प्रतिनिधि मंडल के समक्ष ही स्थानीय थानाधिकारी से बात कर सभी तथ्यों की जानकारी जुटाई व अग्रिम जांच एडिशनल एसपी बारां से करवाने के आदेश जारी किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार किया जायेगा। इस अवसर पर संभागीय अध्यक्ष बृजराज गौतम, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित, युवा अध्यक्ष सुनील गौतम, एडवोकेट सतीश शर्मा, यतीश व्यास, हर्षित गौतम, अजय गौड, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।