पाली से मनोज शर्मा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता एवं पाली जिले के प्रभारी मंत्री टीकाराम जूली ने कहा है कि उनकी पहली प्राथमिकता पाली के पेयजल संकट का समाधान करना है, ताकि यहां की जनता प्यासी नहीं रहे। जूली पाली के कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। पाली के पेयजल संकट पर उन्होंने कहा कि अभी पुरानी पाइप लाइन की मरम्मत के लिए 1 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, और इसके बाद नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती वसुंधरा सरकार द्वारा की गई घोषणाओं को गहलोत सरकार पूरा कर रही है। पत्रकार वार्ता के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने गहलोत सरकार की योजनाओं जमकर बखान किया। जूली ने कहा कि सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनों में बढ़ोतरी की है। दिव्यांगों को नोकरी एवं प्रमोशन में आरक्षण प्रदान कर उन्हें बड़ी राहत प्रदान की है। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केवलचंद गुलेच्छा, विधानसभा प्रत्याशी महावीर सिंह सुकरलाई, कलेक्टर अंशदीप सहित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ