जैसलमेर ब्यूरो रिपोर्ट।
जैसलमेर में मौसम के बदले मिजाज के बाद ओले गिरने की खबर है। ओलावृष्टि होने से खेतों में बर्फ की चादर जम गई। ओले गिरने से खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान हुआ है। जोधपुर में भी बारिश के साथ ओले गिरे। बारिश और ओले गिरने से तापमान में भी गिरावट आई, जिससे सर्दी का असर बढ़ गया। जानकारी के मुताबिक पोकरण के गांव छाया, टोटा, अजासर और बरड़ाना में खेतों व मैदानी इलाकों में चारों तरफ ओले की सफेद चादर देखने को मिली। इससे पहले जैसलमेर, जोधपुर में सुबह से बादल छाए हुए थे और हल्की बूंदाबांदी हुई। जिले में मंगलवार को हुई ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी जीरा, ईसबगोल, रायड़ा, गेंहू व चने की फसल को नुकसान होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि मावठ फसलों के लिए फायदेमंद है, लेकिन ओलावृष्टि ने सारी मेहनत को नष्ट कर दिया। खेतों में खड़ी फसल फसलों को ओलावृष्टि से काफी नुकसान हुआ है।