जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजधानी जयपुर के प्रभारी शांति धारीवाल ने कहा कि यूनेस्को द्वारा जयपुर के परकोटे को हेरिटेज विश्व धरोहर घोषित कर रखा है। उसे सुरक्षित और बचाने के सरकार हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जयपुर में फिर से ऑपरेशन पिंक जैसा अभियान फिर से शुरू किया जाएगा। इसके तहत पुराने शहर परकोटे में हुए अतिक्रमण के खिलाफ शीघ्र ही अभियान शुरू करके उसे हटाया जाएगा। धारीवाल ने सीएम गहलोत सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर जयपुर विकास प्राधिकरण में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि परकोटा में अवैध निर्माणों का ड्रोन सर्वे पूरा हो गया। लेकिन उसके बाद कोरोना महामारी आने के चलते कार्रवाई नहीं हो सकी। अब शीघ्र ही अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाए जाएंगे। इसके लिए ऑपरेशन पिंक जैसा अभियान फिर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण के हालात ड्रोन सर्वे सरकार के पास सुरक्षित हैं। ड्रोन सर्वे में एक हजार ऐसे अवैध निर्माण के गंभीर मामले सामने आए हैं जिनसे परकोटे के मूल स्वरूप को खराब किया गया है। धारीवाल ने कहा कि द्रव्यवती नदी परियोजना का काम फरवरी में पूरा कर लिया जाएगा। इसके संबंध में टाटा कंसलटेंट के अधिकारियों से बातचीत हुई है उन्होंने यह भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि सेंट्रल पार्क में स्थित लक्ष्मी विलास होटल में महात्मा गांधी मिशन सेंटर 100 करोड़ की लागत से जेडीए बनाएगा इसका निर्माण कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि जयपुर विकास प्राधिकरण ने 21 हजार पट्टों का वितरण किया है। इसके अलावा 6 हजार पट्टे जिले की विभिन्न शहर निकायों द्वारा बांटे गए हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 तक पूरे प्रदेश में 10 लाख पट्टे बांटने का काम पूरा कर लिया जाएगा। धारीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी में अनुउपयोगी प्रोजेक्ट शामिल किए। इनको बदलने में हमें डेढ़ साल लग गए। इसके बाद भी हाल ही में जो रैंक जारी हुई है, उसमें राजस्थान को देश में दूसरा स्थान मिला है। धारीवाल ने पिछली भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने शिलान्यास पट्टिका लगाई, हमने उनके काम पूरे किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने  जयपुर में शिलान्यास पट्टिका लगाईं, उनके अधूरे काम हमने पूरे किए। उन्होंने कहा कि बस्सी, जाहोता और दांतली आरओबी के अलावा बम्बाला पुलिया का चौड़ा करने से लेकर किशनबाग और हवासड़क एलिवेटेड रोड भाजपा सरकार की ही लाई गई थी। इनको कांग्रेस ने सत्ता में आकर पूरा किया। इससे पूर्व जेडीए में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री धारीवाल ने 229 करोड़ की 36 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।