कोटा ब्यूरो रिपोर्ट।
कोटा जिले के सागोंद इलाके के दरा जंगल में अकलेरा निवासी ओमप्रकाश मेघवाल का शव मिला था। इस मामले में पुलिस ने खुलासा किया कि मेघवाल का उसकी पत्नी ने हत्या की है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक ओमप्रकाश की पत्नी कृष्णा बाई ने ही अपने प्रेमी और प्रेमी के दोस्त के साथ मिलकर ओमप्रकाश की हत्या की वारदात की। कनवास पुलिस को 11 दिसंबर को दरा में रेलवे लाइन के पास अज्ञात युवक का शव मिला था। मृतक का चेहरा पत्थरों से कुचला हुआ होने से उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि मृतक की शिनाख्तगी और ब्लाइंड मर्डर के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मृतक की शिनाख्त अकलेरा निवासी ओमप्रकाश मेघवाल के रूप में हुई। इसी दौरान पुलिस ने गुरूवार को धनराज मीणा और मुकेश मीणा निवासी खानपुरिया को ओमप्रकाश की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने वारदात में मृतक की पत्नी कृष्णा बाई के भी शामिल होने की बात कही। जिसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को कृष्णा बाई को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि मृतक ओमप्रकाश की पत्नी कृष्णा बाई का आरोपित धनराज के साथ अवैध संबंध थे। ओमप्रकाश दोनों के बीच रोड़ा बन रहा था। ऐसे में दोनों ने मिलकर ओमप्रकाश की हत्या की योजना बनाई। धनराज ने इसके लिए अपने साथी मुकेश को भी शामिल किया। बाद में तीनों ने मिलकर ओमप्रकाश की हत्या की योजना बनाई और उसकी हत्या कर शव को दरा के जंगल में सुनसान जगह पर फेंक दिया।

0 टिप्पणियाँ