डूंगरपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
डूंगरपुर जिले के आसपुर थाना क्षेत्र के गोठडा गांव में बिजली के पोल पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहे ठेकाकर्मी लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और लोग एकत्रित हो गए। घटना के बाद आसपुर पुलिस और बिजली विभाग के कर्मचारी पहुंच गए। आसपुर थानाधिकारी के मुताबिक रामअवतार मीणा बिजली विभाग में ठेकाकर्मी का लाइनमैन है। रविवार शाम के समय गोठड़ा गांव में बिजली की लाइन ठीक करने गए थे। गड़ा एकलिंगजी की ओर जाने वाली लाइन को ठीक करने ठेकाकर्मी लाइनमैन पोल पर चढ़ा। उस दौरान बिजली का ऐसा झटका लगा और लाइनमैन पोल से चिपक गया। जिसके बाद बिजली के पोल पर ही उसकी मौत हो गई। रामअवतार को करंट लगने से मौत के बाद दूसरे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर गांव के लोग भी एकत्रित हो गए। घटना की सूचना पर आसपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, बिजली विभाग के अधिकारी भी पहुंच गए। घटना की जानकारी लेने के बाद शव को पोल व तारों से उतारकर नीचे रखा। इसके बाद शव को आसपुर अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया, जहां आज पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।