कोटा से हंसपाल यादव।
सरकार एवं जलदाय विभाग की लापरवाही के चलते कोटा की 500 कॉलोनियों एवं 50 बहुमंजिला इमारतों में लाखों लोग चम्बल के किनारे रहते हुए भी चम्बल के पानी से वंचित हैं। पानी की इस गम्भीर समस्या को लेकर पूर्व संसदीय सचिव भवानी सिंह राजावत आज जलदाय विभाग कार्यालय जा धमके और अपने साथ बोतल में लाया गया फ्लोराइड युक्त पानी अतिरिक्त मुख्य अभियंता महेश जांगिड़ को जबरन पिला दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दे डाली कि अगर सरकार ने आम लोगों तक चम्बल का पानी नहीं पहुंचाया तो आने वाले समय में पीड़ित जनता कोटा बन्द करने का कदम उठा लेगी। बिना किसी पूर्व घोषणा के पूर्व विधायक राजावत सैंकड़ों समर्थकों के साथ जलदाय विभाग कार्यालय जा धमके और उन्हें आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बहुमंजिला इमारतों एवं कृषि भूमि कॉलोनियों में रहने वाले मध्यम श्रेणी के लोगों का क्या अपराध है जो उन्हें फ्लोराइड युक्त पानी पीने की सजा दी जा रही है। चम्बल में अथाह पानी मौजूद है जो पूरे कोटा शहर के लोगों को 24 घण्टे जलापूर्ति करें तो भी बचा रहेगा। इसके अलावा भी हर साल बरसात में लाखों गैलन पानी बहा दिया जाता है। ऐसे में कोटा के लोगों को पानी से वंचित रखना सरकार का बहुत बड़ा अन्याय है। एक ओर केन्द्र सरकार जल जीवन मिशन में बांधों और नदियों के पानी को फिल्टर कर नलों द्वारा गांव गांव तक पहुंचा रही है। हाल ही में नोनेरा और परवन बांध से कोटा बूंदी बारां और झालावाड़ जिलों के 800 गांवों को पानी पहुंचाने की तैयारी है। फिर राजस्थान सरकार लोगों के घरों तक चम्बल का पानी क्यों नहीं दे रही है। स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल एक ओर कोटा के सौंदर्यीकरण पर 4 हजार करोड़ खर्च कर रहे हैं तो फिर बढ़ती आबादी की देखते हुए फिल्टर प्लांट की क्षमता बढ़ाने पर पैसा क्यों नहीं खर्च किया जा रहा। भाजपा शासन में 135 करोड़ से बोराबास पदमपुरा पेयजल योजना में 75 गांवों को जोड़ा गया। लेकिन इन गांवों में भी 24 घण्टे में मुश्किल से 1 घण्टे भी पानी नहीं आ रहा है। गांव के लोग त्राही त्राही कर रहे हैं। कोटा शहर के हालात यह हो गये हैं कि फ्लोराइड का पानी पीने से लोगों को बेचैनी, त्वचा रोग, जोड़ों का दर्द, आंते खराब होना, बाल झड़ना जैसे रोगों से जूझना पड़ रहा है, अगर यही हालात रहे और लाखों लोगों के जीवन से जुड़े इस गम्भीर मामले में राज्य सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो आक्रोशित जनता जलदाय विभाग को ताला लगा देगी और आने वाले समय में कोटा बन्द भी करवायेगी। आज प्रदर्शन करने वालों में मण्डल अध्यक्ष हुकमचन्द शर्मा, एसटी मोर्चा उपाध्यक्ष जयकिशन मीणा, सरपंच अमर सिंह, युवा मोर्चा के सतीश भारद्वाज, पूर्व मण्डल अध्यक्ष कान सिंह, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष महावीर सुमन, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष जयराज सिंह, मोर्चा उपाध्यक्ष लाजवीर सिंह, गाड़िया लुहार समाज के प्रदेश मंत्री घासी लुहार, मण्डल महामंत्री कमलेश गौतम, मुकेश जैन आदि प्रमुख थे।