जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान के जोधपुर जिले के बहुचर्चित हिस्ट्रीशीटर लवली कंडारा प्रकरण की जांच अब सीबीआई की टीम करेगी। जिसे लेकर गृह विभाग ने नोटिफिकेशन जारी कर फाइल केंद्र सरकार को भेजी है, जिस पर अमल करने के बाद सीबीआई प्रकरण की जांच कर सकती है। दरअसल राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से दिल्ली स्पेशल पुलिस एस्टेब्लिशमेंट एक्ट 1946 के तहत लवली कंडारा केस की सीबीआई जांच कराने के लिए अनुरोध किया है। इसके लिए बकायदा मुख्यमंत्री कार्यालय से सहमति मिलने के बाद गृह विभाग ने लवली कंडारा केस की सीबीआई जांच के संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर केंद्रीय डीओपीटी सचिव को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की अनुशंसा की है।लवली कंडारा केस की सीबीआई जांच की अनुशंसा करने के साथ ही प्रकरण को लेकर जोधपुर में दर्ज की गई एफआईआर को इंग्लिश में ट्रांसलेट करके पूरे तथ्यों के साथ केंद्रीय डीओपीटी सचिव को भेजा गया है। अब इस पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई करती है या नहीं, इसका फैसला दिल्ली में केंद्रीय डीओपीटी सचिव के द्वारा किया जाएगा। आपको बता दे,कि 13 अक्टूबर को हिस्ट्रीशीटर नवीन उर्फ लवली कंडारा और उसके साथियों ने पुलिस पर जोधपुर के रातानाडा थाना इलाके में फायरिंग की थी। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली लगने से लवली कंडारा घायल हुआ, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, इस पूरे प्रकरण को लेकर लवली कंडारा के परिजनों व रिश्तेदारों ने जोधपुर पुलिस पर लवली कंडारा की हत्या करने का आरोप लगाते हुए इस पूरे प्रकरण की सीबीआई से जांच कराने की मांग को लेकर आंदोलन किया। जिस पर इस पूरे प्रकरण की पहले पुलिस मुख्यालय की सीआईडी सीबी से जांच करवाई गई और बाद में लवली कंडारा के परिजनों व रिश्तेदारों का विरोध तेज होने पर प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की अनुशंसा की गई है।