करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
करौली - धौलपुर सांसद डा. मनोज राजोरिया ने करौली जिले में सैनिक स्कूल स्थापित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर रक्षा मंत्रालय भारत सरकार को भेजने के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं जिला कलक्टर करौली को पत्र लिखा है।सांसद डा. मनोज राजोरिया ने बताया कि केन्द्र सरकार ने गत् बजट में देश में 100 सैनिक स्कूल स्थापित करने की घोषणा की थी। संसदीय क्षेत्र के करौली जिले एवं आस - पास के क्षेत्र के हजारों जवान सेना के विभिन्न प्रारूपों में देश की सेवा कर रहे हैं एवं करौली जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विकल्पों की कमी के चलते इस घोषणा के उपरांत से ही करौली जिले में सैनिक स्कूल स्थापित करवाने हेतु प्रयासरत हूँ। सांसद राजोरिया ने बताया कि उनके द्वारा रक्षा मंत्री को लिखे गये पत्रों के जवाब में उन्होनें अवगत कराया है कि सैनिक स्कूल के लिए प्रस्ताव राज्य सरकार की ओर से प्राप्त होने पर ही उस पर अग्रिम कार्यवाही की जा सकती है। इस संबंध में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं जिला कलक्टर करौली को करौली जिले में सैनिक स्कूल स्थापित करने हेतु प्रस्ताव तैयार कर रक्षा मंत्रालय भारत सरकार को प्रेषित करने हेतु पत्र लिखा है। सांसद राजोरिया ने बताया है कि मुझे पूर्ण आशा है कि मुख्यमंत्री उक्त प्रस्ताव को केन्द्र सरकार को शीघ्र प्रेषित कराऐंगे जिससे करौली जिले में सैनिक स्कूल स्थापित हो सके।