जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान मे कोरोना की बढती रफ्तार के चलते शैक्षणिक संस्थान बंद करने के फर्जी वायरल आदेश पर गृह विभाग सख्त नजर आया है। विभाग नेफर्जी आदेश को लेकर पुलिस मे मामला दर्ज कराया है। अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।राजस्थान गृह विभाग के उपसचिव गृह मुकेश पारीक की ओर से कराई गई इस एफआईआर में कहा गया कि रविवार रात गृह विभाग के नाम से एक फर्जी वायरल आदेश जारी हुआ था। इस आदेश में 6 दिसंबर से शैक्षणिक संस्थान बंद करने के निर्देश थे। यह आदेश वायरल हो गया था। ऐसे में स्कूलों में भ्रम की स्थिति बन गई। फर्जी वायरल आदेश के कारण अभिभावकों स्कूल संचालक काफी परेशान हुए। इस पूरे मामले में कूट रचित दस्तावेज जारी किये गये। जिसकी जांच की जानी चाहिए। अशोक नगर थाने में आईटी एक्ट में पूरे मामले को दर्ज कर लिया गया है। इसकी जांच शुरू कर दी गई है। आपको बता दें कि रविवार रात्रि से एक मैसेज वायरल हो रहा था जिसमें गृह विभाग का हवाला देते हुए कहा गया था कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते आंकड़ों के बीच प्रदेशभर के सभी शैक्षणिक संस्थान 6 दिसंबर से आगामी आदेश तक के लिए बंद की जाते हैं। इस दौरान स्कूलों में सिर्फ ऑनलाइन क्लास चलेंगी। ऑफलाइन क्लास बंद की जाती है। इस मैसेज के वायरल होने के बाद सोमवार को सुबह से ही कई स्कूलों ने इस आदेश को सही मानते हुए स्कूलों को बंद कर दिया था। कई अभिभावकों ने भी वायरल मैसेज पर भरोसा करते हुए बच्चों को स्कूल नहीं भेजा था। हालांकि बाद में गृह विभाग की ओर से इसका स्पष्टीकरण आ गया था कि यह आदेश फर्जी है।