जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजधानी जयपुर की हेरिटेज निगम क्षेत्र में घर-घर कचरा संग्रहण में लापरवाही बरतने और अनुबंध शर्तों के अनुसार काम नहीं करने पर बीवीजी कंपनी का अनुबंध करार रद्द कर दिया गया है। इसके लिए बीवीजी कंपनी के प्रोजेक्ट हैड को नोटिस दिया गया है।15 दिन पहले ही नगर निगम ने अनुबंध शर्तों के अनुसार काम करने को लेकर बीवीजी कंपनी को टर्मिनेट करने का नोटिस जारी किया था। इसके बाद भी शर्तों के अनुसार काम नहीं करने पर अनुबंध निरस्त किया गया है। हेरिटेज निगम आयुक्त अवधेश मीणा के अनुसार काम में लापरवाही बरतने और अनुबंध शर्तों की पालना नहीं करने पर कई बार नोटिस जारी किए गए। इसके बाद भी काम में सुधार नहीं होने, बार-बार लापरवाही बरतने और अनुबंध शर्तों की पालना नहीं करने पर कंपनी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि अब नगर निगम प्रशासन खुद के संसाधनों से घर-घर कचरा संग्रहण करेगा। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए है। शहर में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक दो पारियों में हर वार्ड में घर-घर कचरा संग्रहण किया जाएगा। सफाई व्यवस्था में जुड़े सभी सफाई कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी है। आयुक्त अवधेश मीणा ने जनता से अपील करते हुए कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में जनता सहयोग करें। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाये रखने में जनता की बहुत बड़ी भागीदारी रहती है। उन्होंने बताया कि घर-घर कचरा संग्रहण के लिए प्रोपर व्यवस्था जल्द ही सुनिश्चित की जाएगी। निगम प्रशासन ने जनता से सहयोग की अपेक्षा करते हुए जब तक हूपर नहीं आए कचरा डस्टबिन में ही डालने की अपील भी है। वहीं सफाई व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सभी अधिकारियों को नियमित फील्ड में रहकर मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए है।

0 टिप्पणियाँ