जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
रीट 2021 में पदों की संख्या 31 हजार से बढ़ाकर 50 हजार करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का अब पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने खुलकर समर्थन किया है। पायलट ने अभ्यर्थियों की मांग का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखा है। पायलट ने सीएम गहलोत को पत्र लिखकर रीट-2021 में 31 हजार की जगह 50 हजार अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने का सुझाव दिया है।पायलट ने लिखा है कि रीट के माध्यम से शिक्षकों की भर्ती प्रक्रियाधीन है, मूल परीक्षा 31 हजार शिक्षकों के लिए हुई थी। प्रतियोगियों की मांग 31 हजार की जगह 50 हजार बेरोजगार शिक्षकों को नियुक्ति देने की है। इस मांग को लेकर ये लंबे समय से जयपुर में आंदोलन कर रहे हैं। इसलिए इनकी मांग पर सहानुभूति से विचार करना जरूरी है। पायलट बेरोजगारों के समर्थन में इससे पहले भी मुख्यमंत्री को पत्र लिख चुके हैं। पायलट समर्थक विधायक भी बेरोजगारों के समर्थन में हैं। पायलट समर्थक वन एवं पर्यावरण मंत्री हेमाराम चौधरी भी संविदाकर्मियों को नियमित करने की मांग का कई बार समर्थन कर चुके हैं। रीट प्रतियोगियों के समर्थन में इससे पहले कई विधायक लिख चुके हैं ।

0 टिप्पणियाँ