जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव करवाने की मांग को लेकर गुरूवार को विद्यार्थियों ने राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्यद्वार पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों और पुलिस के बीच तीखी नोक-झोंक हुई। पुलिस ने चार प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लिया है। हालात पर काबू पाने के लिए परिसर में पुलिस का जाब्ता तैनात किया गया। दरअसल, छात्रसंघ चुनाव करवाने और निशुल्क बालिका शिक्षा सहित अन्य मांगों को लेकर राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्र लोकेंद्र सिंह रायथालिया के नेतृत्व में पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे थे। आज उन्होंने विश्वविद्यालय के मुख्यद्वार के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र विश्वविद्यालय के मुख्यद्वार से जेएलएन मार्ग की तरफ जाने लगे। उन्हें बाहर जाने से पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो छात्र पुलिस से उलझ गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों के बीच तीखी नोक-झोंक भी हुई। पुलिस ने चार छात्र नेताओं को हिरासत में लिया है। इसके बाद छात्र नेताओं के समर्थक फिर से विश्वविद्यालय के मुख्यद्वार पर इकट्ठा हो गए और जोरदार नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक हिरासत में लिए गए छात्र नेताओं को छोड़ा नहीं जाता और उनकी मांगें नहीं मान ली जाती है। उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस जाब्ता तैनात है।